नई दिल्ली। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित का गुरुवार शाम मुंबई में निधन हो गया। वह लम्बे समय से बीमार थी, हार्ट अटैक की शिकायत के बाद उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां 71 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली।
सुलक्षणा पंडित ने 9 साल की छोटी उम्र में कला और संगीत के क्षेत्र में कदम रखा था। उन्होंने उलझन, अपनापन, हेरा फेरी, संकल्प, संकोच, वक्त की दीवार, धरम कांटा, अमानत’ जैसी बड़ी फिल्मों में काम किया। उनका परिवार भी कला के क्षेत्र में काफी आगे रहा। उनके जतिन-ललित उनके भाई हैं, जो हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी हैं, जबकि बहन विजेता पंडित भी लोकप्रिय अभिनेत्री रहीं।
सुलक्षणा पंडित का रायगढ़ से रहा पुराना नाता
सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई साल 1954 में हुआ। उनके पिता का नाम, प्रताप नरेन पंडित था, जो रायगढ़ दरबार के प्रसिद्ध कलाकार थे और महान संगीतकार पंडित जसराज के छोटे भाई थे। इतना ही नहीं इनका परिवार रायगढ़ दरबार और नरियरा गांव से भी जुड़ा रहा।
कभी पूरी नहीं हुई प्रेम कहानी
सुलक्षणा पंडित की प्रेम कहानी किसी फ़िल्मी कहानी से काम नहीं थी। बताया जाता है कि अभिनेता संजीव कुमार के साथ उनका खासा लगाव था, लेकिन दोनों की प्रेम कहानी पूरी नहीं हो सकी। लेकिन शायद यह इत्तेफाक ही था कि 6 नवंबर को ही संजीव कुमार का निधन हुआ था, और अब उसी तारीख को सुलक्षणा पंडित ने भी दुनिया को अलविदा कहा।








