छत्तीसगढ़ के कोरबा ज़िले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कुदरी के एक प्लॉट में बैगा द्वारा किए जा रहे कथित तांत्रिक अनुष्ठान के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कबाड़ कारोबारी अशरफ मेमन, डेयरी कारोबारी सुरेश साहू और बैगा का साथी नीतीश कुमार रात्रे शामिल हैं। पुलिस ने इस घटना में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कई अन्य से पूछताछ जारी है।
कैसे हुआ पूरा हादसा? तंत्र-मंत्र से 5 लाख को 2.5 करोड़ बनाने का लालच
तुलसी नगर निवासी कारोबारी सुरेश साहू का संपर्क बिलासपुर के अमेरी निवासी बैगा राजेंद्र कुमार से हुआ था। बैगा ने दावा किया कि वह 5 लाख रुपये को तंत्र-मंत्र से 2.5 करोड़ में बदल सकता है—उसकी क्रिया से “रुपए बरसने” लगेंगे।
इसी लालच के चलते बुधवार को बैगा राजेंद्र अपने साथियों अश्वनी कुर्रे और नीतीश कुमार रात्रे के साथ कोरबा पहुंचा। सुरेश साहू उन्हें लेकर कुदरी के उस प्लॉट पर गया, जहां कबाड़ कारोबारी अशरफ मेमन पहुँचा था। शाम को करीब 7 बजे तांत्रिक क्रिया शुरू हुई।
बैगा का ‘डेमो’, नींबू–नारियल से की गई खतरनाक क्रिया
पहले बैगा ने एक “डेमो” के रूप में नीतीश को बेहोश किया, जिससे मौजूद सभी लोग बैगा की शक्तियों पर भरोसा करने लगे। इसके बाद बैगा ने मृतकों के मुंह में नींबू रखा, गले में नारियल बांधा, रस्सी से जोर-जोर से खींचना शुरू कर दिया. कहा—“जितना जोर से खीचेंगे, उतना पैसा बरसेगा”
नीतीश, अशरफ और सुरेश को एक-एक कर कमरे में ले जाया गया। कुछ ही देर में तीनों बेहोश होकर गिर पड़े। बैगा ने बाहर मौजूद लोगों को बताया कि “क्रिया चल रही है, उन्हें मत छेड़ो।”
दरवाजा तोड़कर अंदर गए परिजन—तीनों बेसुध पड़े थे
करीब दो घंटे बाद भी कोई बाहर नहीं आया तो अशरफ का बेटा शाहिद और अन्य लोगों ने दरवाज़ा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य डरावना था। अशरफ, सुरेश और नीतीश तीनों जमीन पर बेहोश पड़े थे और कोई हलचल नहीं थी। उन्हें आनन-फानन में NKH अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
क्या था मौत का कारण? पोस्टमार्टम रिपोर्ट बताएगी सच्चाई
सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो संभावनाएं हैं, किसी जहरीले पदार्थ के कारण मौत या रस्सी से गला दबने या श्वसन अवरोध से मौत. असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पांच आरोपी गिरफ्तार, कई लोगों से पूछताछ
कोरबा पुलिस ने अब तक बैगा राजेंद्र कुमार, अश्वनी कुर्रे और उनके साथियों सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अशरफ और सुरेश के कई रिश्तेदारों व स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह पूर्व-नियोजित हत्या थी? क्या बैगा इस तरह की “क्रियाएं” पहले भी कर चुका है? क्या यह धोखाधड़ी और जानलेवा षड्यंत्र का बड़ा नेटवर्क है?
अंधविश्वास की आड़ में तीन परिवार उजड़े
यह घटना इस बात की भयावह मिसाल है कि अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के भरोसे किस तरह इंसान अपनी जान गंवा सकता है। एक तांत्रिक के झांसे में आकर तीन परिवारों की जिंदगी उजड़ गई।









