रायपुर, 18 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक बुजुर्ग की कथित पिटाई से मौत के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए एसडीएम करुण डहरिया को निलंबित कर दिया है। इससे पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इस प्रकरण में एसडीएम समेत कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना कुसमी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हंसपुर गांव में हुई। बताया जा रहा है कि एसडीएम करुण डहरिया जांच कार्य के सिलसिले में गांव पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ मौजूद लोगों और ग्रामीणों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि रॉड और डंडों से मारपीट की गई। इस मारपीट में 60 वर्षीय रामनरेश राम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दो अन्य घायल, गांव में आक्रोश
घटना में अजीत उरांव और आकाश अगरिया भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। जैसे ही घटना की जानकारी फैली, गांव और आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि रामनरेश राम खेत से सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन्हें रास्ते में रोककर मारपीट की गई। हालांकि प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की बात कही गई है।
चार आरोपी गिरफ्तार, एसडीएम निलंबित
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम करुण डहरिया सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया। प्रारंभिक जांच के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर भी इस घटना को गंभीर माना गया और राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करुण डहरिया को निलंबित कर दिया।
करुण डहरिया 2019 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। वे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। इससे पूर्व गरियाबंद में सीईओ पद पर रहते हुए रिश्वत लेने के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई थी। उस प्रकरण ने भी प्रशासनिक हलकों में काफी चर्चा बटोरी थी।









