Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बीजापुर मुठभेड़: सुरक्षाबलों ने मार गिराए 2 बड़े नक्सली, ‘एरिया कमेटी चीफ’ दिलीप बेड़जा ढेर; 2 AK-47 बरामद

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो खूंखार नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। मारे गए नक्सलियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का चीफ ‘दिलीप बेड़जा’ भी शामिल है। पुलिस ने घटनास्थल से दो आधुनिक AK-47 राइफलें और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है।

DRG का बड़ा प्रहार: घेराबंदी अभी भी जारी

जिला पुलिस और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) को नेशनल पार्क एरिया में बड़े नक्सली नेताओं की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इस इनपुट पर सुरक्षाबलों ने शनिवार तड़के एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया। जैसे ही जवान घने जंगलों के भीतर पहुंचे, घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान लंबे समय तक दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।

बड़े नक्सली चेहरे ‘पापाराव’ की मौजूदगी की खबर

सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ स्थल पर नक्सली संगठन का एक और बड़ा और दुर्दांत चेहरा पापाराव भी मौजूद था। इलाके में अभी भी सर्चिंग तेज कर दी गई है और पूरे जंगल को DRG के जवानों ने घेर रखा है। आशंका जताई जा रही है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।

एसपी ने की पुष्टि, सुरक्षा बल अलर्ट पर

बीजापुर एसपी जि जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ स्थल से दो शव बरामद किए गए हैं। हथियारों में दो AK-47 राइफलें मिली हैं, जो साबित करती हैं कि मारे गए नक्सली कैडर में बड़े ओहदे पर थे। मुठभेड़ अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है, जवानों की अतिरिक्त टुकड़ियाँ मौके पर भेजी गई हैं।

“जवानों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। पूरा इलाका हाई अलर्ट पर है और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।” – जितेंद्र यादव, एसपी, बीजापुर


Related Posts

भिलाई में ‘ब्लैक सैटरडे’: एक ही दिन दो छात्रों ने की खुदकुशी, 11वीं की छात्रा और कॉलेज छात्र ने गंवाई जान

भिलाई। स्टील सिटी भिलाई से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है। शनिवार…

1 of 257