रायपुर। सुकमा जिले में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उप अभियंता प्रदीप कुमार बघेल को 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार 17 नवंबर 2025 को की गई।
ग्राम पंचायत चिरऊवाड़ा के सचिव मनीराम कश्यप ने ACB में शिकायत की थी कि वर्ष 2023-24 में जनपद पंचायत छिंदगढ़ के लिए स्वीकृत 6 लाख रुपये की पुलिया निर्माण राशि का कार्य पूरा होने के बाद उप अभियंता प्रदीप कुमार बघेल मूल्यांकन रिपोर्ट देने के बदले 30,000 रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायतकर्ता रिश्वत देने को तैयार नहीं था और आरोपी को पकड़वाना चाहता था।
शिकायत पर सत्यापन के दौरान आरोपी रकम लेने तैयार हो गया। इतना ही नहीं, पुराने भवन के मूल्यांकन के लिए उसने 40,000 रुपये अतिरिक्त कमीशन की मांग भी की।ACB ने 17 नवंबर को ट्रेप बिछाया, जिसमें उप अभियंता प्रदीप कुमार बघेल को उसके घर पर ही शिकायतकर्ता से पहली किश्त के रूप में 30,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके घर से चल-अचल संपत्ति और निवेश से संबंधित कई दस्तावेज भी बरामद किए गए, जिनकी जांच जारी है।आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।









