सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सरकारी व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुमली वॉटरफॉल (Kumli Waterfall) स्थित वन विभाग के रेस्ट हाउस में अश्लीलता और शराबखोरी का खेल चल रहा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सरकारी विश्राम गृह के भीतर बार बालाएं अश्लील डांस करती नजर आ रही हैं और वहां शराब की महफिल जमी हुई है।
मर्यादा भूलकर छलके जाम, जमकर हुई फूहड़ता
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस कुमली रेस्ट हाउस की जिम्मेदारी वन विभाग के कंधों पर है, वहां नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए अश्लील डांस का आयोजन किया गया। टेबल पर शराब की बोतलें रखी हुई हैं और लोग फिल्मी गानों पर बार बालाओं के साथ फूहड़ता कर रहे हैं।
पर्यटन स्थल की गरिमा पर दाग
कुमली वॉटरफॉल सूरजपुर का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां दूर-दूर से परिवार और सैलानी प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने आते हैं। ऐसे में सरकारी संपत्ति का उपयोग अनैतिक गतिविधियों के लिए होना न केवल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, बल्कि इस पर्यटन स्थल की छवि को भी धूमिल कर रहा है।
वन विभाग की ‘रहस्यमयी’ चुप्पी
हैरानी की बात यह है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और स्थानीय स्तर पर बवाल मचने के बावजूद वन विभाग के अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। सवाल यह उठता है कि रेस्ट हाउस की चाबी किसके पास थी और किसकी अनुमति से इस तरह के अनैतिक कार्यक्रम का आयोजन सरकारी परिसर में किया गया?
जांच की मांग
स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने इस मामले में तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और वन विभाग के उच्च अधिकारी इस ‘अश्लीलता कांड’ पर क्या कदम उठाते हैं।










