बिलासपुर। भारतीय क्रिकेट टीम के धमाकेदार ऑलराउंडर और आईपीएल के सुपरस्टार रिंकू सिंह आज छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे बिलासपुर में आयोजित ब्राह्मण प्रीमियर लीग (BPL) के फाइनल मुकाबले में चीफ गेस्ट के रूप में मौजूद रहेंगे।
फाइनल मैच 22 नवंबर को तात्या टाइटंस और वल्लभ वेंचर्स के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला सरकंडा जिला खेल परिसर, बिलासपुर में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। रिंकू सिंह न केवल ट्रॉफी वितरण समारोह में शामिल होंगे बल्कि मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और युवा क्रिकेटर्स से बात कर उन्हें प्रोत्साहित भी करेंगे।
रिंकू अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच फिनिश करने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से उनके धुआंधार प्रदर्शन ने पूरे देश में उन्हें एक बड़ा सितारा बना दिया है। रिंकू सिंह का यह दौरा केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजों में एकता और सहभागिता का संदेश देने वाला भी है। ब्राह्मण प्रीमियर लीग का उद्देश्य सर्वब्राह्मण समाज के साथ-साथ सभी समुदायों के बीच एकजुटता बढ़ाना है।
आयोजन समिति के अनुसार, उनकी उपस्थिति इस प्रतियोगिता को एक नया मुकाम देगी। साथ ही क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल बनेगा। लीग का फाइनल मुकाबला जिला खेल परिसर में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा।








