रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। इसके लिए संगठनात्मक प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से सोमवार को पांच प्रमुख महिला नेताओं को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था।
साक्षात्कार में विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक छन्नी साहू, लक्ष्मी ध्रुव, ममता चंद्राकर और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा शामिल रहीं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने सभी उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया।
सूत्रों का कहना है कि इस दौड़ में संगीता सिन्हा और छन्नी साहू सबसे आगे चल रही हैं। संगीता सिन्हा बालोद क्षेत्र से दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं, जबकि छन्नी साहू, लक्ष्मी ध्रुव और ममता चंद्राकर पूर्व विधायक रह चुकी हैं।
बताया जा रहा है कि छन्नी साहू के नाम का प्रस्ताव करीब एक साल पहले प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भेजा गया था, जो अब तक एआईसीसी स्तर पर लंबित है।
भूपेश और टीएस सिंहदेव खेमे आमने-सामने
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संगीता सिन्हा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खेमे का समर्थन प्राप्त है, जबकि छन्नी साहू को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव खेमे का करीबी माना जा रहा है। ऐसे में महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर दोनों खेमों के बीच सियासी समीकरण भी अहम माने जा रहे हैं।
पार्टी सूत्रों का दावा है कि इन्हीं दोनों खेमों में से किसी एक के समर्थन से नए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। अब सभी की नजरें एआईसीसी के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।









