Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: दरवाजा बाहर से बंद, अंदर आग… रायपुर में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अमानाका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटीबंद इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। घर में आग लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर फंसे बुजुर्ग मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मृतक की पहचान राजकुमार गुप्ता (70) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, परिवार के अन्य सदस्य मैहर गए हुए थे, जबकि बेटा रोज की तरह सुबह काम पर निकल गया था। बताया जा रहा है कि बेटा घर को बाहर से ताला लगाकर गया था और बुजुर्ग अंदर सो रहे थे। घर के निचले कमरे में रूम हीटर चालू था। आशंका जताई जा रही है कि हीटर से ही आग लगी, जो देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई।

सुबह करीब 7:30 बजे घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अंदर से बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन ताला बंद होने और आग की तेज लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे की देरी से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। तब तक पूरा घर आग की चपेट में आ चुका था और बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने के बाद घर के अंदर से बुजुर्ग का जला हुआ शव बरामद किया। सूचना मिलते ही अमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की देरी को लेकर नाराजगी जताई और लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह रूम हीटर मानी जा रही है।


Related Posts

छत्तीसगढ़ में बढ़ा न्यूनतम वेतन: 1 अप्रैल 2026 से नई दरें लागू, श्रमिकों को मिलेगा महंगाई भत्ते का लाभ

छत्तीसगढ़ शासन के श्रमायुक्त हिम शिखर गुप्ता द्वारा न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 के…

रायपुर में रूह कंपाने वाली वारदात: रात को टहल रही छात्रा से छेड़खानी, विरोध करने पर मारपीट कर फाड़े कपड़े

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक…

1 of 252