रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में लोक शिक्षण संचालनालय ने कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए व्यापक दिशा-निर्देश और समय-सारणी जारी कर दी है। प्रदेश में 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से शुरू होगी, जबकि 8वीं की बोर्ड परीक्षा 17 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का स्वरूप और अंक विभाजन
इस वर्ष परीक्षाएं पूरी तरह से केन्द्रीकृत (Centralized) होंगी। परीक्षा के सफल संचालन की जिम्मेदारी जिला स्तर पर गठित कमेटियों की होगी, जिसका नेतृत्व जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) करेंगे।
अंकों का निर्धारण निम्नानुसार किया गया है:
| कक्षा | कुल अंक | लिखित परीक्षा | प्रोजेक्ट कार्य |
| 5वीं | 50 | 40 अंक | 10 अंक |
| 8वीं | 100 | 80 अंक | 20 अंक |
प्रश्न पत्रों का निर्माण और ब्लूप्रिंट
परीक्षा के लिए प्रश्न पत्रों के तीन सेट तैयार किए जाएंगे। विषय विशेषज्ञों की एक समिति पिछले वर्ष के ब्लूप्रिंट (संलग्नक-बी) के आधार पर हिन्दी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों के लिए प्रश्न पत्र तैयार करेगी। इन्हें पूरी गोपनीयता के साथ सीलबंद लिफाफों में जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा जाएगा।
निजी स्कूलों के लिए शुल्क और नियम
- परीक्षा शुल्क: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) से संबद्ध गैर-अनुदान प्राप्त निजी स्कूलों को परीक्षा शुल्क देना होगा। कक्षा 5वीं के लिए 55 रुपये और कक्षा 8वीं के लिए 60 रुपये प्रति छात्र की दर से शुल्क निर्धारित है।
- प्रोजेक्ट कार्य की समय-सीमा: छात्रों को 28 फरवरी 2026 तक अपने प्रोजेक्ट (प्रायोजना कार्य) अनिवार्य रूप से जमा करने होंगे। 5 मार्च तक इन अंकों को विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी के पास भेजना होगा।
- छूट: सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूलों को इस केन्द्रीकृत परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं है।
5वीं सारिणी
| गणित | 16 मार्च |
| अंग्रेजी | 19 मार्च |
| हिंदी | 23 मार्च |
| पर्यावरण | 25 मार्च |
परीक्षा का समय (सुबह 9 से 11 बजे)
8 वीं सारिणी
| गणित | 17 मार्च |
| हिंदी | 20 मार्च |
| अंग्रेजी | 24 मार्च |
| सा. विज्ञान | 30 मार्च |
| विज्ञान | 2 अप्रैल |
| संस्कृत/उर्दू | 6 अप्रैल |









