Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: पोते के सामने दादा को उठा ले गई बाघिन, जंगल में मिली लाश

कबीरधाम: कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र के सूपखार जंगल में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सिंघनपुरी निवासी 65 वर्षीय चरवाहे गुनीराम यादव शनिवार सुबह भैंस चराने निकले थे, लेकिन रात तक घर नहीं लौटे। रविवार सुबह सूपखार परिक्षेत्र क्रमांक 314 के घने जंगल में उनकी आधी देह बरामद हुई। शरीर पर गहरे दांत और पंजों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि हमला किसी सक्रिय बाघिनने किया था।

परिवार ने बताया कि गुनीराम अपने पोते के साथ रोज की तरह भैंस चराने गए थे। भैंसों का पीछा करते हुए वे अनजाने में कोर जोन के संवेदनशील हिस्से तक पहुंच गए। घनी घास में छिपी बाघिन ने अचानक हमला किया और उन्हें गिराकर जंगल की दिशा में घसीट लिया। पोता, जो घटना का साक्षी था, डर के मारे तुरंत गांव की तरफ भागा और परिवार को जानकारी दी। रात में परिजनों ने चिल्फी थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई।

सूचना मिलते ही कवर्धा वन विभाग और कान्हा टाइगर रिज़र्व की संयुक्त टीमें रातभर खोजबीन में जुटीं। घने जंगल, अंधेरा और वन्यजीवों की सक्रियता के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। रविवार सुबह मध्यप्रदेश सीमा के भीतर शव का हिस्सा बरामद हुआ।

घटनास्थल पर गहरे पंजों के निशान, खून के धब्बे और घसीटने के संकेत मिले। वन विभाग का कहना है कि हमला संभवतः शावकों के साथ सक्रिय बाघिनने किया, क्योंकि शावकों के समय बाघिनें अत्यधिक आक्रामक होती हैं। कोर जोन राष्ट्रीय उद्यान का सबसे संवेदनशील और संरक्षित क्षेत्र होता है, जहां बाघ, तेंदुआ और अन्य वन्यजीव प्राकृतिक रूप से रहते हैं। यहाँ किसी भी प्रकार का मानव प्रवेश कानूनन प्रतिबंधित है।

Related Posts

1 of 368