पेंड्रा, छत्तीसगढ़। मरवाही वन मंडल के ग्राम डडिंया में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक दंतैल हाथी के हमले में 55 वर्षीय अधेड़ त्रिलोचन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, त्रिलोचन सिंह रोज की तरह सुबह करीब 4 बजे महुआ बीनने जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक सामने आए दंतैल हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि यह हाथी पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमा पर लगातार विचरण कर रहा है और फिलहाल कक्ष क्रमांक 2093 के जंगल क्षेत्र में ही मौजूद है। यह इलाका मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा से सटा हुआ है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए जंगल में न जाने की हिदायत दी है, खासकर महुआ बीनने के लिए। साथ ही प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, ग्रामीण सहमे हुए हैं और जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं। वन विभाग लगातार हाथी की निगरानी कर रहा है और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।







