कांकेर जिले के आमाबेड़ा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफ़नाने को लेकर उठा बवाल शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। कब्र से शव निकाले जाने के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बड़े तेवड़ा गांव में सरपंच के घर के पास स्थित चर्च में ग्रामीणों ने आगजनी की। वहीं आमाबेड़ा क्षेत्र में भी एक चर्च को पुलिस ने घेराबंदी में ले लिया है। इलाके में तनाव की स्थिति अब भी बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस बल मौके पर तैनात, हालात पर कड़ी नजर।
बता दें कि कांकेर के बड़े तेवड़ा गांव के सरपंच के पिता ने धर्मांतरण कर लिया था। उनकी मौत के बाद उन्हें दफना दिया गया। जिसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और लाश को कब्र से उखाड़ने की बात कहने लगे। इस मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। लेकिन उग्र भीड़ शांत होने का नाम नहीं ले रही थी। जिसके बाद दोनों तरफ जमकर झड़प और मारपीट हुई। लोगों ने कब्र को भी ध्वस्त कर दिया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं।










