क्राइम डेस्क, कोरिया।
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना इलाके के ग्राम नौगई में मंगलवार (16 तारीख) की रात एक दिल दहला देने वाली हिंसक वारदात सामने आई है। रेत उत्खनन के वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि विरोधियों ने एक फॉर्च्यूनर कार को घेरकर उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस भीषण आगजनी में कार सवार भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घटना में 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रायपुर रेफर किया गया है।
कार के आगे डंपर अड़ाकर रास्ता रोका, फिर फूंक दी गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, नौगई रेत घाट को लेकर स्थानीय ठाकुर और त्रिपाठी परिवार के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। मंगलवार की रात ठाकुर परिवार के लोग फॉर्च्यूनर कार से नौगई गांव पहुंचे थे, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि त्रिपाठी गुट के लोगों ने फॉर्च्यूनर के आगे डंपर खड़ा कर उसका रास्ता रोक दिया और वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। कार में भरत सिंह के साथ उनके भाई (शिक्षक) नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह और अन्य लोग सवार थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कार कुछ ही मिनटों में राख के ढेर में बदल गई।
त्रिपाठी गुट के 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 अब भी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने इस मामले में हत्या (धारा 302), हत्या के प्रयास (धारा 307) और आगजनी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोरिया) सुरेशा चौबे का बयान:
“रेत उत्खनन के कारोबार को लेकर त्रिपाठी और ठाकुर परिवार के बीच पुराना विवाद है। वारदात में अब तक 7 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 3 आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति पर नजर है, बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, आईजी ने लिया जायजा
इस खूनी वारदात के बाद पूरे नौगई गांव और आस-पास के इलाके में भारी तनाव का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी खुद मौके पर पहुंचे और घटना की सिलसिलेवार जानकारी ली। किसी भी अप्रिय स्थिति या दोबारा हिंसा भड़कने की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
नेताओं का दौरा, निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की खबर मिलते ही बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े और पूर्व विधायक गुलाब कमरो समेत भाजपा-कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता नौगई गांव पहुंचे। नेताओं ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने इस पूरी घटना की जानकारी नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत को भी दी है और मामले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।








