रायपुर। प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात, हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। चेतावनी के अनुसार कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की हिदायत दी गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
प्रदेश में तापमान में भी बदलाव देखा जा रहा है। वर्तमान में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से यह परिवर्तन हो रहा है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट और फिर 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है।
कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। देवभोग में 5 सेमी, करपावंद में 4 सेमी और देवकर में 2 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। दुर्ग में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री दर्ज किया गया।
आज रायपुर का मौसम
19 मार्च को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सूर्योदय सुबह 6:10 बजे और सूर्यास्त शाम 6:15 बजे होगा।
आंधी-तूफान से मार्ग बाधित
देर रात आई तेज आंधी और तूफान के कारण भांसोज बस स्टैंड जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूटकर सड़क पर फैल गए, जिससे खतरे की स्थिति बन गई। सुबह लोगों को इस मार्ग से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवाओं और बारिश के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन से जल्द मार्ग साफ कराने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की जा रही है।









