कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये आंकी गई है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बने गोपनीय चेंबर में छिपाकर रखा था। मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
192 पैकेट में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस के मुताबिक, चिल्फी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बने गुप्त चेंबर से 192 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 407 किलो 330 ग्राम निकला।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रही थी खेप
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं।
2.29 करोड़ रुपये से अधिक का सामान जब्त
पुलिस ने गांजा, कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।










