रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिंदा पैंगोलिन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इस दुर्लभ वन्यजीव की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी जा रही थी।
सटीक सूचना पर की गई कार्रवाई
वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सिटी चंगोराभाठा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके से पैंगोलिन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
पखांजूर से रायपुर लाई गई थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पैंगोलिन को पखांजूर से तस्करी कर रायपुर लाया गया था, जहां इसे बेचने की तैयारी थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल बोपचे (निवासी बालाघाट) और खोखन हालदार (निवासी पखांजूर) शामिल हैं। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच
वन विभाग अब इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुट गया है। फरार मुख्य आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है।
दुर्लभ वन्यजीव की तस्करी पर बड़ा प्रहार
इस कार्रवाई को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। विभाग का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।










