बसना। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला में पुलिस को चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में ओडिशा से आ रही एक यात्री बस से भारी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। जब्त चांदी की कीमत करीब 46 लाख रुपये आंकी गई है।
संदिग्ध बैग से मिला माल
पुलिस ने बस में तलाशी के दौरान एक संदिग्ध यात्री के बैग की जांच की, जिसमें भारी मात्रा में चांदी के जेवर मिले। आरोपी की पहचान राज किशोर शर्मा के रूप में हुई है, जो कटक का निवासी बताया जा रहा है।
600 पायल, 18 किलो से ज्यादा वजन
पुलिस के मुताबिक, बैग से करीब 600 नग चांदी की पायल बरामद हुई हैं, जिनका कुल वजन 18 किलो 590 ग्राम है। बाजार में इनकी कीमत लगभग 46 लाख 68 हजार रुपये बताई गई है।
कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
जब पुलिस ने आरोपी से जेवरों से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने धारा 106 BNSS के तहत चांदी को जब्त कर लिया।
आगे की जांच जारी
मामले की जानकारी Income Tax Department और Directorate of Revenue Intelligence को भी दे दी गई है, ताकि आर्थिक पहलुओं की जांच की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









