भिलाई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सौम्य चौरसिया से जुड़े कथित AI जनरेटेड वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। भिलाई नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कांग्रेस की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
यह मामला जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी और आपत्तिजनक है, जिसे जानबूझकर पार्टी नेताओं की छवि खराब करने के उद्देश्य से तैयार कर सोशल मीडिया पर फैलाया गया।
सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई
जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो इंस्टाग्राम के “कांग्रेस पोल खोल” और “रैंडम छत्तीसगढ़” नाम के अकाउंट्स से शेयर किया गया था। मामला बढ़ने के बाद इन दोनों अकाउंट्स को बैन कर दिया गया है। पुलिस अब इन अकाउंट्स को संचालित करने वालों की पहचान में जुटी हुई है।
महिला आयोग और कांग्रेस का दबाव
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग ने भी एसएसपी को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
SSP से मुलाकात, कई थानों में शिकायत
रविवार को कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी विजय अग्रवाल से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद सोमवार को जिले के कई थानों में शिकायत दर्ज कराई गई। जामगांव आर, कुम्हारी, भिलाई-3, नंदिनी नगर, जामुल, धमधा, अंडा, जेवरा सिरसा और रानीतराई समेत कई क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
साइबर टीम कर रही जांच
पुलिस ने बीएनएस की धारा 353(2) के तहत केस दर्ज किया है। साइबर टीम वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो कहां बनाया गया और सबसे पहले किसने इसे पोस्ट किया। फिलहाल पुलिस ने जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।









