मुंगेली/लोरमी: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान से खरीदी गई सीलबंद बोतल में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना ने न केवल शराब की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्न उठाए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय ग्राहक शादी समारोह के लिए अंग्रेजी शराब के दो पव्वे खरीदकर ले जा रहा था। इसी दौरान जब उसने लाल रंग की सीलबंद बोतल को गौर से देखा, तो उसके अंदर कॉकरोच नजर आया। यह दृश्य देखकर ग्राहक के साथ-साथ आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सीलबंद बोतलों में इस तरह की गंदगी मिल रही है, तो गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठना लाजमी है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना सरकारी शराब दुकानों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। फिलहाल इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।









