रायपुर: छत्तीसगढ़ के शिक्षामंत्री गजेंद्र यादव ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा परिणाम कल बुधवार दोपहर 2:30 बजे औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे।
मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह केवल अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों व शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी छात्रों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करें।
एक ही दिन आएंगे दोनों कक्षाओं के परिणाम
माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, 10वीं और 12वीं दोनों के परिणाम तैयार हो चुके हैं। मंत्री के ऐलान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों कक्षाओं के रिजल्ट एक ही दिन जारी किए जाएंगे।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं:
- cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर जाएं
- “CGBSE 10th Result 2026” या “CGBSE 12th Result 2026” लिंक पर क्लिक करें
- रोल नंबर और आवश्यक जानकारी भरें
- कैप्चा डालकर सबमिट करें
- स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है
SMS के जरिए भी मिलेगा रिजल्ट
वेबसाइट स्लो होने की स्थिति में छात्र SMS के माध्यम से भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं:
- कक्षा 10: CG10 टाइप कर 56263 पर भेजें
- कक्षा 12: CG12 टाइप कर 56263 पर भेजें
पास होने के लिए जरूरी अंक
छात्रों को प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33% अंक लाना अनिवार्य है। इसमें थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों शामिल हैं। असफल होने पर सप्लीमेंट्री परीक्षा का अवसर दिया जाएगा।
परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्र
इस वर्ष कक्षा 10वीं में 3,20,535 और 12वीं में 2,45,785 छात्र पंजीकृत थे। कुल मिलाकर करीब 5.66 लाख विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए।
पेपर लीक के कारण हुई थी देरी
गौरतलब है कि 14 मार्च को 12वीं हिंदी का पेपर लीक होने के चलते परीक्षा दोबारा आयोजित करनी पड़ी थी। 10 अप्रैल को पुनः परीक्षा कराई गई, जिसके बाद मूल्यांकन कार्य पूरा होने में समय लगा और परिणाम घोषित करने में विलंब हुआ।









