कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। फरसवानी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़ी हाइवा में जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रात 2 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक काशीनगर निवासी सोनी परिवार चौथिया कार्यक्रम से लौट रहा था। फरसवानी टोल नाका पार करते ही कार चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद यह भीषण टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
तीन की मौके पर मौत
हादसे में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और ढाई वर्षीय प्रियांश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें चांपा के एनकेएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवार में मातम, जांच जारी
घटना की खबर मिलते ही काशीनगर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य टेंट हाउस का व्यवसाय करते हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
बढ़ते हादसे चिंता का कारण
अप्रैल माह में कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अलग-अलग हादसों में अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।
सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार हो रहे हादसों के बीच स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।









