Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छात्रसंघ चुनाव की मांग पर उग्र हुआ NSUI प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव

रायपुर में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर गुरुवार को NSUI का प्रदर्शन उग्र हो गया। सीएम हाउस घेराव के लिए जुटे कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद जमकर झूमाझटकी और पथराव हुआ। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

महिला थाना चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय के पास एनएसयूआई कार्यकर्ता दोपहर में एकत्र हुए थे। करीब एक घंटे तक भाषणों के बाद कार्यकर्ता आगे बढ़े। पुलिस ने प्रेस क्लब से बंजारी बाबा चौक तक कई लेयर में बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने तीन लेयर तोड़ दीं। इसके बाद पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी शुरू कर दी।

पुलिस पर पथराव, कई जवान घायल

गिरफ्तारी के दौरान कुछ कार्यकर्ता उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। झड़प में कई पुलिसकर्मियों के चेहरे पर चोट आई। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच देर शाम तक तनातनी और धक्का-मुक्की चलती रही। रात करीब 8 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।

छात्र हितों की अनदेखी का आरोप

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और युवाओं को रोजगार देने की मांग की।

प्रदर्शन में विधायक देवेन्द्र यादव, विकास उपाध्याय, एजाज ढेबर समेत कई कांग्रेस और NSUI नेता मौजूद रहे।

क्रेन से पहनाई माला, गुटों में दिखा शक्ति प्रदर्शन

NSUI के नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। उनके स्वागत से लेकर प्रदर्शन तक विभिन्न गुटों ने शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें क्रेन से माला पहनाई। प्रदेशभर से करीब हजार कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए थे। धक्का-मुक्की के दौरान कई नेताओं के कपड़े भी फट गए और कुछ को चोटें आईं।

Related Posts

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में राहत नहीं, हाईकोर्ट ने बरकरार रखी उम्रकैद, सौतेले पिता की अपील खारिज

बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने नाबालिग बच्चियों के खिलाफ यौन अपराधों को…

1 of 316