धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत देवपुर में पदस्थ पंचायत सचिव दिगम्बर कंवर एक कथित फेसबुक टिप्पणी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्क्रीनशॉट के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दर्ज कराई आपत्ति
जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2026 में फेसबुक पर किए गए एक राजनीतिक पोस्ट पर दिगम्बर कंवर की आईडी से कथित टिप्पणी सामने आई थी। पोस्ट वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे शासकीय कर्मचारी के सेवा आचरण नियमों के खिलाफ बताया।
भाजयुमो के पूर्व महामंत्री नीलम साहू ने मामले की जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस को दी। इसके बाद भाजपा मंडल नगरी के महामंत्री रूपेंद्र साहू समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने 28 अप्रैल को जनपद पंचायत नगरी पहुंचकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी।
जनपद पंचायत ने जारी किया नोटिस
शिकायत के बाद जनपद पंचायत नगरी प्रशासन ने पंचायत सचिव दिगम्बर कंवर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रशासन का कहना है कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उच्च कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
नोटिस की प्रतियों पर उठा विवाद
मामले में नया मोड़ तब आया जब भाजपा नेताओं ने नोटिस की अलग-अलग प्रतियों को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि उन्हें दी गई प्रति में पत्र क्रमांक और तारीख दर्ज नहीं थी, जबकि बाद में उपलब्ध कराई गई प्रति में पत्र क्रमांक 2462 और दिनांक 29 अप्रैल 2026 अंकित था। भाजपा नेताओं ने प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है।
सचिव ने दी सफाई
विवाद के बाद पंचायत सचिव दिगम्बर कंवर ने सफाई देते हुए कहा कि कथित टिप्पणी के समय वे पारिवारिक कार्यक्रम में व्यस्त थे। उनके अनुसार संभव है कि किसी परिचित या परिवार के सदस्य ने उनके मोबाइल से अनजाने में टिप्पणी कर दी हो। उन्होंने बताया कि जनपद पंचायत से मिले नोटिस का जवाब 1 मई को प्रस्तुत कर दिया गया है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल प्रशासन की ओर से अंतिम विभागीय कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मामला राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।










