रायपुर में होने वाले Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के मुकाबले से पहले टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग तेजी से बढ़ गई है। ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में अधिकांश टिकट सोल्ड आउट हो गईं, जिसके बाद अब दलाल इन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।
3,500 की टिकट 4 से 5 हजार तक में बिक रही
जानकारी के मुताबिक 3,500 रुपये की टिकट अब 4,000 से 5,000 रुपये तक में बेची जा रही है। कई ब्रोकर सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और ₹1,500–₹2,000 तक अतिरिक्त रकम लेकर टिकट उपलब्ध कराने का दावा कर रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर चल रही डीलिंग
जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम पर कई पेज IPL टिकट बेचने का प्रचार कर रहे हैं। “RCB vs MI रायपुर” जैसे नामों से पेज बनाकर लोअर स्टैंड से लेकर प्रीमियम और हॉस्पिटैलिटी टिकट तक ब्लैक में ऑफर किए जा रहे हैं।
पुलिस की चेतावनी के बावजूद जारी धंधा
पुलिस ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि टिकट ब्लैक में बेचना या खरीदना अपराध है और पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर दलाल सक्रिय हैं।
संजीव शुक्ला ने कहा है कि ब्लैक में टिकट बेचना अपराध है और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि सोशल मीडिया के जरिए कई लोग ठगी भी कर रहे हैं, इसलिए क्रिकेट प्रेमियों को सावधान रहने की जरूरत है।
पुलिस की सख्ती बेअसर, सवालों में व्यवस्था
पुलिस की चेतावनी और सख्ती के बावजूद टिकटों की कालाबाजारी जारी है, जिससे मैच से पहले ही टिकट सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।













