छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) ने अपने हजारों अधिकारी-कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला लिया है। कंपनी ने राज्य शासन के औपचारिक निर्णय से पहले ही केंद्र सरकार की तर्ज पर डीए बढ़ाने का ऐलान कर दिया है।
अब मिलेगा 60 प्रतिशत डीए
कंपनी के फैसले के बाद कर्मचारियों को अब 58 प्रतिशत की जगह 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) द्वारा जारी आदेश के अनुसार बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी 2026 से प्रभावशील माना जाएगा।
मई के वेतन में मिलेगा फायदा
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 के वेतन से कर्मचारियों को नई दर के अनुसार भुगतान किया जाएगा। यानी कर्मचारियों के वेतन में बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जुड़कर आएगा।
चार किस्तों में मिलेगा एरियर
जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक की अवधि का बकाया भुगतान भी कर्मचारियों को दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक चार महीने के एरियर का भुगतान एकमुश्त नहीं, बल्कि चार समान किस्तों में किया जाएगा। यह राशि मई से अगस्त 2026 के बीच कर्मचारियों के खातों में जमा होगी।
कर्मचारियों में खुशी का माहौल
लंबे समय से डीए बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे अधिकारी और कर्मचारियों में इस फैसले के बाद खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।










