Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में जीजा ने साले को पहले पिलाई शराब, फिर चापड़ से काटकर कर दी हत्या; खुद पुलिस को किया फोन

रायपुर (उरला): छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक शख्स ने अपने सगे साले की धारदार हथियार (चापड़) से वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भागने के बजाय खुद डायल-112 को फोन कर पुलिस को इसकी जानकारी दी।

शराब के नशे में हुआ खूनी खेल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक गिरधर और उसका जीजा प्रकाश साहू उरला के मजदूर नगर में एक ही घर में पिछले तीन सालों से साथ रह रहे थे। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि गिरधर अक्सर अपने जीजा प्रकाश को गालियां देता था और नीचा दिखाता था, जिससे प्रकाश के मन में गहरी रंजिश पल रही थी।

बीती देर रात प्रकाश साहू अपने साले गिरधर को साथ लेकर शराब पीने निकला। जब दोनों नशे में धुत हो गए, तो पुरानी बातों को लेकर फिर से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि प्रकाश ने पास रखे चापड़ से गिरधर पर हमला कर दिया। आरोपी ने साले की गर्दन और शरीर पर इतने वार किए कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

खुद दी पुलिस को सूचना

हत्या करने के बाद आरोपी प्रकाश साहू ने भागने की कोशिश नहीं की। उसने खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम (112) को फोन लगाया और बताया कि उसने अपने साले की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान शव को बरामद किया।

पुलिस की कार्रवाई

उरला पुलिस ने आरोपी प्रकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह पुराना विवाद और शराब के नशे में उपजा तात्कालिक गुस्सा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Posts

जांजगीर-चांपा में नरसंहार: संपत्ति के लालच में बेटे ने पिता सहित 4 को उतारा मौत के घाट, खौफनाक है आरोपी का इतिहास

जांजगीर-चांपा (शिवरीनारायण): छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक रूह कंपा देने…

रायपुर में पेट्रोल-डीजल के लिए हाहाकार: पंपों पर लंबी कतारें, जानिए क्या है ‘पैनिक बाइंग’ के पीछे का असली सच?

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों…

1 of 326