डोंगरगढ़/राजनांदगांव, 18 मई 2026। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पलांदूर में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरे युवक ने मंच के पास ही चाकूबाजी कर दी। ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान हुए इस अचानक हमले में स्थानीय ग्राम सरपंच गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस जानलेवा हमले के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया।
भाषण के दौरान पेट में घोंपा चाकू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पलांदूर में शासन के निर्देशानुसार ‘सुशासन तिहार’ के तहत मंच पर कार्यक्रम चल रहा था और अतिथि व जनप्रतिनिधि जनता को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद आरोपी जितेन्द्र यादव अचानक तैश में आकर आगे बढ़ा और उसने सीधे सरपंच पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस हमले में चाकू सरपंच के पेट में लगा है, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सजग ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी जितेन्द्र यादव को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। घायल सरपंच को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।










