छत्तीसगढ़ में फिलहाल भीषण गर्मी और ग्रीष्मलहर का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है, जिसके चलते इसके राज्य में सामान्य तिथि 13 जून के आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने के संकेत हैं।
केरल में 26 मई के आसपास सक्रिय हो सकता है मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार लक्षद्वीप के ऊपर घने बादलों की सक्रियता को देखते हुए दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके बाद मानसून के छत्तीसगढ़ पहुंचने का क्रम शुरू होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी मानसून जगदलपुर के रास्ते राज्य में प्रवेश करेगा। इसके दो से तीन दिन बाद रायपुर और लगभग 20 जून तक अंबिकापुर पहुंचने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म और शुष्क हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राज्य में उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं आ रही हैं, जिससे अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में ग्रीष्मलहर जैसे हालात बन गए हैं।
बिलासपुर पहले ही हीटवेव की चपेट में आ चुका है, जबकि गुरुवार से रायपुर में भी ऐसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
नवतपा में और बढ़ेगी तपिश
ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार 25 मई से 2 जून तक नवतपा का प्रभाव रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। अगले पांच दिनों तक तेज गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है।
हालांकि इसके बाद प्रदेश में बादल और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जिससे तापमान में कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर के अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।










