Car Insurance Tips: आज के दौर में कार इंश्योरेंस केवल एक कानूनी औपचारिकता नहीं रह गया है, बल्कि ये वाहन मालिकों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन बन चुका है. सड़क दुर्घटनाओं और बढ़ती रिपेयर लागत को देखते हुए सही इंश्योरेंस पॉलिसी चुनना बेहद जरूरी हो गया है. हालांकि, कई लोग पॉलिसी खरीदते समय कुछ आम गलतियां कर बैठते हैं, जिनकी वजह से बाद में क्लेम लेने में मुश्किल आ सकती है.
केवल कम प्रीमियम देखकर फैसला न करें
कई ग्राहक इंश्योरेंस खरीदते समय सिर्फ इस बात पर ध्यान देते हैं कि प्रीमियम कितना कम है. लेकिन कम कीमत वाली पॉलिसी में अक्सर कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल नहीं होतीं. आपको एक उदाहरण के तौर पर बताएं तो इंजन प्रोटेक्शन, जीरो डेप्रिसिएशन कवर, रोडसाइड असिस्टेंस और कंज्यूमेबल कवर जैसी सुविधाएं अलग से लेनी पड़ सकती हैं.
अगर बिना कवरेज को समझे सिर्फ सस्ती पॉलिसी चुन लेते हैं, तो दुर्घटना के बाद होने वाला खर्च आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है. इसलिए प्रीमियम के साथ-साथ मिलने वाले लाभों को भी तुलना करना जरूरी है.
सही जानकारी देना बेहद जरूरी
इंश्योरेंस कंपनी को वाहन से जुड़ी हर जानकारी सही- सही देनी चाहिए. कई बार लोग कार में किए गए मॉडिफिकेशन, वाहन के इस्तेमाल या दूसरी जरूरी डिटेल्स छिपा लेते हैं. बाद में जब क्लेम किया जाता है, तो कंपनी जांच के दौरान गलत जानकारी मिलने पर दावा खारिज कर सकती है. इसलिए पॉलिसी लेते समय सभी दस्तावेज और जानकारी पूरी समझदारी के साथ साझा करनी चाहिए.
क्लेम करते समय इन बातों का रखें ध्यान
दुर्घटना होने के बाद सबसे पहले इंश्योरेंस कंपनी को सूचना देना जरूरी होता है. अगर घटना की जानकारी देने में ज्यादा देरी होती है, तो क्लेम प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा कुछ परिस्थितियों में कंपनी क्लेम स्वीकार नहीं करती. जैसे नशे की हालत में वाहन चलाना, वैध ड्राइविंग लाइसेंस का न होना या पॉलिसी का समय पर रिन्यू न होना. ऐसी स्थितियां क्लेम रिजेक्ट होने का कारण बन सकती हैं.
रजिस्टर्ड प्रक्रिया अपनाना है जरूरी
कई लोग छोटी-मोटी दुर्घटना के बाद सीधे स्थानीय गैर- रजिस्टर्ड गैरेज में मरम्मत करवा लेते हैं और बाद में इंश्योरेंस क्लेम की उम्मीद करते हैं. लेकिन कई कंपनियां ऐसी मरम्मत का खर्च कवर नहीं करती. इसलिए वाहन को हमेशा कंपनी द्वारा मान्यता प्राप्त सर्विस सेंटर पर ही ले जाना चाहिए.
सही कार इंश्योरेंस चुनना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी उसके नियमों और शर्तों को समझना भी है. थोड़ी सी जागरूकता भविष्य में बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है.










