Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

अमित शाह के टारगेट से 12 दिन पहले ढेर हुआ नक्सली हिडमा! बस्तर के खूंखार कमांडर और पत्नी की आंध्र जंगलों में मुठभेड़ में मौत

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सख्त निर्देशों ने कमाल कर दिखाया। छत्तीसगढ़ के बस्तर का सबसे कुख्यात नक्सली कमांडर माड़वी हिडमा और उसकी पत्नी राजे उर्फ राजक्का को आंध्र प्रदेश के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने मार गिराया। यह ऑपरेशन तय समयसीमा से पूरे 12 दिन पहले पूरा हो गया, जो नक्सल विरोधी अभियान में अब तक की सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह ने हाल ही में शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक में 30 नवंबर 2025 तक हिडमा को खत्म करने का स्पष्ट टारगेट दिया था। उनका लक्ष्य था कि पूरे देश से नक्सलवाद उन्मूलन का वादा (31 मार्च 2026) से 4 महीने पहले ही इस खूंखार नेता का सफाया हो जाए। लेकिन आंध्र प्रदेश पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने आज तड़के अल्लूरी सीतारामराजू जिले के मरेदुमिल्ली जंगलों में चली मुठभेड़ में हिडमा समेत छह नक्सलियों को ढेर कर दिया।

सुकमा जिले के पूर्वी गांव में 1981 में जन्मे हिडमा ने सालों तक पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) बटालियन नंबर-1 का कमांडर रहकर दंडकारण्य क्षेत्र (छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र) में खौफ बिखेरा। वह CPI (माओवादी) की केंद्रीय समिति का एकमात्र आदिवासी सदस्य था और उसके सिर पर 1 करोड़ रुपये का इनाम था।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हिडमा की सीधी संलिप्तता 26 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों में पाई गई, जिनमें दर्जनों जवान शहीद हुए। उसकी उम्र, फोटो और पहचान लंबे समय तक रहस्य बनी रही, लेकिन इस साल जनवरी में उसकी तस्वीर लीक होने के बाद अभियान तेज हो गया।

हिडमा के मारे जाने की खबर मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह ने तुरंत शीर्ष अधिकारियों से फोन पर बात की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “यह बस्तर में नक्सल आतंक के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा। माओवादी गतिविधियां पहले ही कम हो चुकी हैं, अब ये झटका संगठन को नेस्तनाबूद कर देगा।”

बस्तर के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा: “हिडमा और राजे समेत छह नक्सली आज सुबह मुठभेड़ में मारे गए। यह दंडकारण्य के सबसे मजबूत सैन्य दस्ते PLGA-1 का अंत है। हमारा अभियान और तेज होगा।”

इस सफलता से बस्तर और दंडकारण्य में नक्सल नेटवर्क पर गहरा प्रहार हुआ है। सरकार का लक्ष्य अब पूरे देश को नक्सल-मुक्त बनाने का है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी सुरक्षाबलों को बधाई दी और कहा कि शांति और विकास अब बस्तर के हर कोने तक पहुंचेगा।

Related Posts

रायगढ़ में हैवानियत: पति को पीटकर बंधक बनाया, फिर पत्नी के साथ 3 दरिंदों ने किया गैंगरेप; 4 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के न्यायधानी कहे जाने वाले बिलासपुर संभाग के रायगढ़ जिले से एक…

1 of 259