Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में 1.89 करोड़ के 173 iPhone चोरी का खुलासा, गाड़ी की परछाई से पकड़े गए आरोपी; 125 फोन बरामद

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित iNext Apple Store में हुई 1.89 करोड़ रुपये के 173 iPhone की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हाईप्रोफाइल चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर के दायरे में 1,000 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक गाड़ी की परछाई पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस अब तक 125 iPhone बरामद कर चुकी है, जबकि करीब 40 फोन की तलाश जारी है।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी राकेश कंजर और सैफान को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य सरगना राजेश कंजर समेत दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस को इस वारदात में कंजर गैंग की संलिप्तता का शक है।

कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर को तीन आरोपी चोरी की गाड़ी से तेलीबांधा स्थित iNext Apple Store पहुंचे थे।

महज 8 मिनट में 173 iPhone लेकर फरार हुए चोर

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बेहद कम समय में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महज 8 मिनट के भीतर दुकान से 173 iPhone चोरी कर आरोपी फरार हो गए। चोर अपने साथ स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान का DVR भी ले गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए 40 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

4 राज्यों में भेजी गईं पुलिस की टीमें

आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात तक भेजी गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी 24 अक्टूबर को रायपुर पहुंचे थे। इसके बाद वे देवास चले गए और 31 अक्टूबर को दोबारा रायपुर आए।

पुलिस ने अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की आवाजाही और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।

गाड़ी की परछाई बनी चोरी की गुत्थी सुलझाने का अहम सुराग

इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सुराग एक गाड़ी की परछाई से मिला। करीब 265 किलोमीटर के दायरे में 1,000 CCTV फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध गाड़ी की परछाई दिखाई दी।

इसी सुराग को आधार बनाकर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान तक पहुंची। जांच के दौरान चोरी किए गए iPhone इंदौर के सैफान तक पहुंचने की जानकारी भी सामने आई।

125 iPhone बरामद, 40 की तलाश जारी

पुलिस ने अब तक चोरी किए गए 173 iPhone में से 125 फोन बरामद कर लिए हैं। शेष करीब 40 फोन की तलाश की जा रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, इस वारदात में मुख्य सरगना राजेश कंजर समेत तीन आरोपियों ने चोरी को अंजाम दिया था, जबकि सैफान ने चोरी के मोबाइल बिकवाने में मदद की थी। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं।

Related Posts

छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन, दुर्ग के अस्पताल में ली अंतिम सांस; प्रदेश में शोक की लहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता, गांधीवादी विचारक और लेखक…

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, तहसीलदार समेत 3 अधिकारियों को नोटिस

बलौदाबाजार। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने…

1 of 513