Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में CM हेल्पलाइन 1076 बनी आम जनता का सहारा, 2.10 लाख से अधिक शिकायतों का हुआ निराकरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। अब लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। नागरिक घर बैठे फोन, वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

अक्टूबर 2026 के अंत तक सीएम हेल्पलाइन पर कुल 2,45,376 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2,10,649 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। इस तरह शिकायतों के समाधान की दर 85.85 प्रतिशत रही है। वहीं, शेष 34,727 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।

घर बैठे दर्ज करा सकते हैं शिकायत

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत 9 जून 2026 को की गई थी। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध है। इसके माध्यम से प्रदेश का कोई भी नागरिक अपनी समस्या सीधे शासन तक पहुंचा सकता है। शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति जानने के लिए तीन माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं।

  • टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर: 1076
  • आधिकारिक वेब पोर्टल: cmhelpline.cg.gov.in
  • सीएम हेल्पलाइन 1076 मोबाइल ऐप

49 विभागों के 8 हजार अधिकारी जुड़े

शिकायतों के प्रभावी निराकरण और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए राज्य शासन के 49 विभागों के लगभग 8,000 अधिकारियों को इस व्यवस्था से जोड़ा गया है। इसमें तहसीलदार से लेकर सचिव स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं।

शिकायतों के सही वर्गीकरण और समयबद्ध समाधान के लिए कुल 1,195 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक श्रेणी के लिए शिकायतों के निराकरण की स्पष्ट समय-सीमा भी तय की गई है।

मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे निगरानी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस व्यवस्था की नियमित निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया और सीधे नागरिकों से फोन पर बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों को केवल पोर्टल पर निराकृत दिखाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक संतुष्टि सुनिश्चित करना जरूरी है। लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के साथ बेहतर काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

पेंशन की समस्या से परेशान जितेंद्र दास को मिली राहत

सरगुजा जिले की ग्राम पंचायत सुखरी (तिलंगापारा) निवासी जितेंद्र दास मानिकपुरी पिछले आठ-नौ महीनों से बंद पेंशन की समस्या से परेशान थे। कई बार आवेदन करने के बावजूद उनकी पेंशन दोबारा शुरू नहीं हो पा रही थी।

इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंची और उनकी समस्या का निराकरण किया गया। राहत मिलने के बाद जितेंद्र दास ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया और अन्य नागरिकों से भी हेल्पलाइन का लाभ उठाने की अपील की।

आवारा मवेशियों की समस्या का निकला समाधान

रायपुर जिले के माना बस्ती, विकासखंड धरसींवा निवासी अंशु कुमार ने सड़क पर आवारा गाय-बैलों और अन्य मवेशियों के विचरण से होने वाली परेशानी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

उन्होंने मवेशियों के गले में दूर से दिखाई देने वाले बेल्ट लगाने की मांग की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शासकीय पशु चिकित्सालय, माना बस्ती की ओर से मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाए गए। इससे रात के समय वाहन चालकों को मवेशियों को पहचानने में आसानी होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

सोलर ड्यूल पंप की तकनीकी खराबी हुई दूर

राजनांदगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत भैंसातरा के आश्रित ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में सोलर ड्यूल पंप लंबे समय से बंद था। इससे ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।

ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती अंजली वर्मा ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद क्रेडा विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। जिला अधिकारी श्रीमती पूर्णिमा गुप्ता के मार्गदर्शन में पंप की तकनीकी खराबी दूर कर उसे दोबारा चालू किया गया। इससे गांव में पेयजल आपूर्ति बहाल हुई और ग्रामीणों को राहत मिली।

दिव्यांग दीपक पाल को मिली ट्राइसाइकिल

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी निवासी दिव्यांग दीपक पाल के लिए भी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 मददगार साबित हुई। चलने-फिरने में परेशानी के चलते उन्होंने हेल्पलाइन पर अपनी समस्या दर्ज कराई थी।

शिकायत पर प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें कलेक्टर कार्यालय परिसर में ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई। इससे अब दीपक पाल को दैनिक कार्यों और आवागमन में सुविधा मिलेगी।

सुशासन का मजबूत माध्यम बनी सीएम हेल्पलाइन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप सीएम हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायत दर्ज कराने का प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के वास्तविक समाधान का माध्यम बन रही है। पेंशन, पेयजल, सड़क सुरक्षा और दिव्यांगजनों की सहायता जैसे मामलों में मिले सकारात्मक परिणाम इस व्यवस्था की उपयोगिता को दर्शाते हैं।

‘नागरिक देवो भव’ की भावना के साथ संचालित यह पहल छत्तीसगढ़ में पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Related Posts

छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन, दुर्ग के अस्पताल में ली अंतिम सांस; प्रदेश में शोक की लहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता, गांधीवादी विचारक और लेखक…

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, तहसीलदार समेत 3 अधिकारियों को नोटिस

बलौदाबाजार। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने…

1 of 513