Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

वायुसेना के विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचा NEET UG री-एग्जाम का प्रश्नपत्र, कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया

जगदलपुर। नीट यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सोमवार को परीक्षा के प्रश्नपत्र वायुसेना के विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचे। प्रश्नपत्रों को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी विमानतल पर उतारने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस वाहनों के काफिले के साथ सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया।

21 जून को जगदलपुर शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में नीट यूजी री-एग्जाम आयोजित किया जाएगा। इसे देखते हुए सोमवार सुबह से ही एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रही।

विमान के पहुंचने से पहले एयरपोर्ट की घेराबंदी

प्रश्नपत्र लेकर आने वाले विमान के पहुंचने से करीब दो घंटे पहले ही सुरक्षा बलों ने एयरपोर्ट परिसर की घेराबंदी कर दी थी। एयरपोर्ट के भीतर और बाहर जवानों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि पूरा माहौल किसी वीवीआईपी आगमन जैसा नजर आ रहा था।

सुबह करीब 11:30 बजे वायुसेना का विमान एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने विमान को चारों ओर से घेर लिया और सीलबंद पेटियों में रखे प्रश्नपत्रों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया।

वीवीआईपी सुरक्षा में रवाना हुआ काफिला

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। जिस वाहन में प्रश्नपत्र रखे गए थे, उसके आगे और पीछे पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वाहन चल रहे थे। पूरे काफिले को वीवीआईपी मूवमेंट की तर्ज पर सुरक्षा प्रदान की गई।

गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश

परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि सभी नोडल अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी सार्वजनिक न करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा को पेपर लीक की पुष्टि के बाद 12 मई को निरस्त कर दिया गया था। अब पुनः परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी हुए एडमिट कार्ड

इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नीट यूजी 2026 री-एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन संख्या और पासवर्ड के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

एनटीए ने छात्रों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले वे अपने बैंक खाते की जानकारी भी सत्यापित कर लें, ताकि रिफंड संबंधी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

21 जून को होने वाली परीक्षा को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

Related Posts

छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र का आगाज़ : स्कूल में तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर हुआ नौनिहाल का आत्मीय स्वागत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लम्बे इंतज़ार के बाद आज यानि 16 जून से सभी…

1 of 377