Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

DMF घोटाले की जांच तेज: कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता से जुड़े ठिकानों पर ED की दबिश

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में जिला खनिज न्यास (DMF) फंड में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को ईडी की टीम ने कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता से जुड़े ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

मानसून एग्रो एजेंसी में दस्तावेजों की जांच

जानकारी के अनुसार ईडी की टीम अंबिकापुर स्थित मानसून एग्रो एजेंसी में वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई डीएमएफ फंड से जुड़े कथित घोटाले और आर्थिक अनियमितताओं की जांच के तहत की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

जांच में पहले भी सामने आया था नाम

सूत्रों के अनुसार डीएमएफ घोटाले की जांच के दौरान राकेश गुप्ता का नाम पहले भी सामने आया था। इसी आधार पर ईडी ने उनके ठिकानों पर दबिश देकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और जानकारियां जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है।

हालांकि जांच एजेंसी की ओर से अभी तक कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

परिवार के मोबाइल नंबर बताए जा रहे बंद

छापेमारी की खबर सामने आने के बाद राकेश गुप्ता और उनके परिवार के सदस्यों के मोबाइल नंबर बंद बताए जा रहे हैं। वहीं ईडी की कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

आगे के खुलासों पर टिकी निगाहें

सरगुजा में डीएमएफ फंड से जुड़े मामलों को लेकर ईडी लगातार जांच का दायरा बढ़ा रही है। अंबिकापुर में हुई यह कार्रवाई कई अहम तथ्यों और संभावित खुलासों की ओर संकेत कर रही है। अब सभी की नजर ईडी की आगे की जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है।

गौरतलब है कि डीएमएफ फंड का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए किया जाता है। ऐसे में इस फंड में कथित अनियमितताओं की जांच को लेकर प्रदेशभर में विशेष रुचि बनी हुई है।

Related Posts

1 of 377