Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

दुर्ग। निवेश पर तगड़ा रिटर्न दिलाने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले पति-पत्नी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला से 25 लाख रुपये ठग लिए, जबकि उसकी सहेली के करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने अपने नाम पर गिरवी रखकर रकम निकाल ली। पुलिस ने 29 दिनों की तलाश के बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह खुद को फाइनेंशियल एक्सपर्ट बताकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने फातिमा अहमद उर्फ स्वाती को कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। शुरुआत में कुछ लाभ दिखाकर विश्वास जीता और बाद में निवेश के नाम पर उनसे करीब 25 लाख रुपये ले लिए।

सहेली के गहने गिरवी रखकर निकाले 15 लाख रुपये

इसी तरह आरोपियों ने फातिमा की सहेली रजनी बारसकर को भी अपने झांसे में ले लिया। निवेश और आर्थिक सहायता के नाम पर लिए गए सोने के गहनों को भिलाई की एक गोल्ड फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये हासिल कर लिए। जब दोनों महिलाओं ने अपनी रकम और गहनों की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में फरार हो गए।

पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर 21 मई को जामुल थाने में मामला दर्ज किया गया था।

29 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार 29 दिनों तक जांच और खोजबीन के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और आर्थिक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं।

और भी पीड़ितों के सामने आने की आशंका

जांच के दौरान पुलिस को संकेत मिले हैं कि दंपती के झांसे में केवल दो महिलाएं ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोग भी आ सकते हैं। ऐसे में ठगी की कुल रकम और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे आर्थिक नेटवर्क, निवेश के नाम पर किए गए लेन-देन और संभावित अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Related Posts

1 of 386