उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 साल के एक छात्र ने अपने कमरे में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली. खुदकुशी करने से पहले छात्र ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत की वजह बयां की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह घटना गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्र लंबे समय से नीट परीक्षा पास करने की कोशिश कर रहा था. लगातार कई प्रयासों के बाद भी सफलता न मिलने से वह बेहद तनाव में था. गुरुवार की रात वह रोजाना की तरह अपने कमरे में पढ़ने के लिए गया था. अगली सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला, तो परिजनों ने भीतर जाकर देखा, जहां उसका शव फंदे से लटका मिला.
मौत से पहले बनाया वीडियो, किसी को नहीं ठहराया जिम्मेदार
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि छात्र ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. इस वीडियो में उसने कहा कि वह कई प्रयासों के बाद भी NEET परीक्षा पास नहीं कर पाया, जिसके कारण वह मानसिक दबाव में था. वीडियो में उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है.










