रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा फेस-2 स्थित श्री गुरू ज्वेलर्स में दीवार तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलो चांदी के जेवरात, सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की सुबह दुकान संचालक निमाई डोन्डा को चोरी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर दुकान की दीवार टूटी हुई मिली और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। शिकायत पर टिकरापारा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
10 से ज्यादा टीमों ने खंगाले हजारों CCTV फुटेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 10 से अधिक विशेष टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ आसपास के हजारों CCTV फुटेज खंगाले और पुराने नकबजनों के रिकॉर्ड की भी जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने आकांक्षा सोनी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी में शामिल होने की जानकारी सामने आने के बाद उसकी निशानदेही पर गिरोह के मास्टरमाइंड समेत चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव उर्फ मोनी ने चोरी की योजना बनाई थी। दोनों ने दुकान की रेकी करने के बाद लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे, आकांक्षा सोनी और मिराज आलम को गिरोह में शामिल किया।
वारदात के दौरान मोहन राव और मिराज आलम ने दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और जेवरात चोरी किए, जबकि लोकेश बाहर रहकर निगरानी करता रहा। चोरी के बाद जेवरात आपस में बांट लिए गए।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। एम. मोहन राव उर्फ मोनी के खिलाफ दुर्ग जीआरपी में हत्या के चार और चोरी का एक मामला दर्ज है। हत्या के एक मामले में उसे 10 साल की सजा भी हो चुकी है। वहीं लोकेश राव के खिलाफ भिलाई के भट्ठी थाने में NDPS और आबकारी एक्ट के मामले दर्ज हैं। उषा उर्फ सपना खुंटे भी पूर्व में टिकरापारा थाने के एक मामले में जेल जा चुकी है।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










