Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बाबू की सिंगापुर यात्रा पर विवाद, अपर कलेक्टर पर मारपीट का आरोप; जांच के आदेश

रायपुर। रायपुर जिले की आरंग तहसील में पदस्थ एक ग्रेड-3 कर्मचारी के बिना अवकाश स्वीकृत कराए सिंगापुर यात्रा पर जाने का मामला अब विवाद में बदल गया है। कर्मचारी के खिलाफ जहां बिना अनुमति विदेश यात्रा करने के आरोपों की जांच शुरू हो गई है, वहीं कर्मचारी ने अपर कलेक्टर मनीष मिश्रा पर फटकार लगाने के दौरान गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि अपर कलेक्टर ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है।

स्वास्थ्य खराब बताकर गया सिंगापुर?

जानकारी के मुताबिक, आरंग तहसील में पदस्थ बाबू कई दिनों तक स्वास्थ्य खराब होने की बात कहकर कार्यालय से अनुपस्थित रहा। बाद में उसके सिंगापुर यात्रा पर जाने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि कर्मचारी ने विदेश जाने के लिए अवकाश स्वीकृत नहीं कराया था।

सिंगापुर यात्रा से जुड़ी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने की भी चर्चा है। हालांकि बाद में इन तस्वीरों को हटा दिए जाने की बात कही जा रही है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद आरंग प्रभारी अपर कलेक्टर ने कर्मचारी को कलेक्टोरेट स्थित कार्यालय बुलाकर उससे पूछताछ की और बिना अनुमति विदेश यात्रा करने को लेकर नाराजगी जताई।

कर्मचारी ने लगाया मारपीट का आरोप

अपर कलेक्टर से फटकार मिलने के बाद कर्मचारी ने कलेक्टोरेट कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को शिकायत की। कर्मचारी का आरोप है कि अधिकारी ने उसे गाली-गलौज करने के साथ मारपीट भी की। इसके बाद कर्मचारी संघ में नाराजगी फैल गई।

कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने मंगलवार को मामले की शिकायत कलेक्टर गौरव सिंह से किए जाने की बात कही है। कर्मचारियों का कहना है कि गलती होने पर अधिकारी कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन किसी कर्मचारी के साथ मारपीट करना उचित नहीं है।

अपर कलेक्टर ने आरोपों को बताया गलत

अपर कलेक्टर मनीष मिश्रा ने कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए स्वास्थ्य खराब होने का बहाना बनाकर विदेश यात्रा पर गया था, जिसको लेकर उन्होंने नाराजगी जताई थी। उन्होंने मारपीट और गाली-गलौज के आरोपों को गलत बताया।

तहसीलदार कर रहे मामले की जांच

आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा ने बताया कि कर्मचारी के बिना अवकाश स्वीकृत कराए सिंगापुर जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच तहसीलदार से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।

फिलहाल इस पूरे मामले में दो अलग-अलग आरोप सामने आए हैं—एक ओर बिना स्वीकृत अवकाश विदेश यात्रा करने की शिकायत है, तो दूसरी ओर कर्मचारी ने अधिकारी पर मारपीट का आरोप लगाया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Posts

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा से पहले पेपर लीक! BSc सेकंड ईयर का एंटोमोलॉजी प्रश्नपत्र WhatsApp पर वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में…

शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, तीन उपनिरीक्षक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियमों के विपरीत थोक में शराब…

1 of 456