धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीजी कॉलेज ग्राउंड के आसपास हेरोइन बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया।
तलाशी में मिली 4.76 ग्राम हेरोइन
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से रायपुर के बस स्टैंड के पीछे का निवासी है और वर्तमान में धमतरी के सोरिद नगर डीपोपारा क्षेत्र में रह रहा था।
वैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई तलाशी के दौरान उसके पास से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये है।
नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 30 हजार रुपये नकद और करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2.30 लाख रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को हेरोइन की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संदिग्धों और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।










