Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

नकटी की विवादित जमीन पर विधायक कॉलोनी का बढ़ा विरोध, विधायक संदीप साहू ने सीएम को लिखा पत्र

बलौदाबाजार। ग्राम पंचायत नकटी की विवादित भूमि पर प्रस्तावित विधायक एवं अधिकारी कॉलोनी निर्माण को लेकर विरोध तेज हो गया है। इस बीच कसडोल विधायक संदीप साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कॉलोनी निर्माण के लिए आवंटित भूमि बदलने और परियोजना को नवा रायपुर अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

1 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक साहू ने कहा कि शासन द्वारा विधायक एवं अधिकारियों की कॉलोनी निर्माण के लिए ग्राम पंचायत नकटी की भूमि आवंटित की गई है, लेकिन प्रस्तावित स्थल का स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है, जिससे क्षेत्र में असंतोष बढ़ रहा है।

विधायक ने पत्र में आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों की आपत्तियों और विरोध के बावजूद प्रशासन प्रभावित ग्रामीणों को विश्वास में लिए बिना भूमि खाली कराने की कार्रवाई कर रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।

संदीप साहू ने मुख्यमंत्री से जनहित, प्रशासनिक सुविधा और स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विधायक एवं अधिकारियों के आवासीय परिसर के लिए आवंटित भूमि को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया है। उन्होंने विशेष रूप से नवा रायपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां इस तरह की परियोजना के लिए पर्याप्त भूमि और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।

पत्र में विधायक ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस संवेदनशील और जनहित से जुड़े मुद्दे पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे विवाद का समाधान हो सके और स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान भी बना रहे।

विधायक संदीप साहू ने अपने पत्र की प्रतिलिपि एआईसीसी महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी प्रेषित की है।

Related Posts

जंगल में मिट्टी के अंदर दफन मिली युवक की सड़ी-गली लाश, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मोहरसोप चौकी क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज…

1 of 455