Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर की श्रिया मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रचा इतिहास: IB डिप्लोमा में हासिल किए पूरे 45 अंक, UCLA में लेंगी दाखिला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जन्मी श्रिया श्रुति मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। कोयंबटूर के चिन्मय इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल (CIRS) की छात्रा श्रिया ने इंटरनेशनल बैकलॉरिएट (IB) डिप्लोमा प्रोग्राम में 45 में से पूरे 45 अंक प्राप्त कर विश्वभर के चुनिंदा शीर्ष छात्रों में अपनी जगह बनाई है। यह सफलता इसलिए बेहद खास है क्योंकि IB को दुनिया के सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण प्री-यूनिवर्सिटी पाठ्यक्रमों में गिना जाता है, जहां पूर्ण अंक (परफेक्ट स्कोर) लाना अत्यंत दुर्लभ माना जाता है।

कठिन विषयों के साथ हासिल की ऐतिहासिक सफलता श्रिया ने अपने पाठ्यक्रम में काफी चुनौतीपूर्ण विषयों का चयन किया था। उन्होंने हायर लेवल पर गणित (Mathematics), फिजिक्स और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की। वहीं, स्टैंडर्ड लेवल पर केमिस्ट्री, अंग्रेजी और हिंदी विषयों को चुना। इन कठिन और जटिल विषयों के संयोजन के बावजूद सभी में पूरे अंक हासिल करना उनकी असाधारण प्रतिभा और कड़ी मेहनत को साबित करता है।

रायपुर से शुरू हुआ शिक्षा का सफर श्रिया का जन्म रायपुर में हुआ था और उनकी शुरुआती शिक्षा यहीं के ज्ञान गंगा एजुकेशनल अकादमी में कक्षा तीसरी तक हुई। इसके बाद वे छठी कक्षा में चिन्मय इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल (CIRS), कोयंबटूर चली गईं। दसवीं तक उन्होंने सीबीएसई (CBSE) बोर्ड से पढ़ाई की और फिर 11वीं-12वीं के लिए इंटरनेशनल बैकलॉरिएट (IB) डिप्लोमा प्रोग्राम का चयन किया।

प्रशासनिक सेवा से जुड़ा है परिवार श्रिया का परिवार भारतीय प्रशासनिक सेवा से जुड़ा हुआ है। उनकी मां सोनल वर्मा मिश्रा तमिलनाडु कैडर की आईपीएस (IPS) अधिकारी हैं और वर्तमान में सीआरपीएफ (CRPF), नई दिल्ली में महानिरीक्षक (IG) के पद पर तैनात हैं। वहीं, उनके पिता संतोष मिश्रा पूर्व आईएएस (IAS) अधिकारी हैं, जो कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। दोनों अधिकारियों ने पूर्व में छत्तीसगढ़ में भी विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।

ऑलराउंडर हैं श्रिया, UCLA से करेंगी आगे की पढ़ाई श्रिया केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी हमेशा आगे रही हैं। वे थिएटर, खेलकूद और छात्र नेतृत्व (Student Leadership) जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेती रही हैं।

इस ऐतिहासिक सफलता के बाद श्रिया को दुनिया के कई प्रतिष्ठित और शीर्ष विश्वविद्यालयों से स्कॉलरशिप के साथ एडमिशन के ऑफर मिले हैं। हालांकि, उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका की प्रसिद्ध ‘यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, लॉस एंजिलिस’ (UCLA) को चुना है, जहां से वे बैचलर्स की डिग्री पूरी करेंगी।

Related Posts

1 of 460