Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

विधानसभा में पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को दी गई श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री साय ने कहा- छत्तीसगढ़ ने खोया लोकसंस्कृति का अनमोल रत्न

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वविख्यात पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

निधन उल्लेख के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई के निधन से छत्तीसगढ़ ने अपनी लोकसंस्कृति का एक अनमोल रत्न खो दिया है। उनके निधन से कला और सांस्कृतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने पंडवानी गायन की कापालिक शैली को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और अपनी अद्भुत प्रतिभा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उनकी प्रस्तुतियों में गायन, अभिनय, पात्रों का सजीव चित्रण और प्रभावशाली संवाद शैली का अनूठा संगम देखने को मिलता था।

उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का जीवन संघर्ष, साधना और समर्पण का प्रेरक उदाहरण रहा है। जिस समय महिलाओं की पंडवानी गायन में भागीदारी सीमित थी, उस दौर में उन्होंने सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देते हुए अपनी अलग पहचान बनाई और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनीं।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि डॉ. तीजन बाई ने एशिया, यूरोप समेत दुनिया के कई देशों में अपनी प्रस्तुतियों के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच तक पहुंचाया। उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया। वर्ष 2019 में भारत सरकार ने उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। यह सम्मान पाने वाली वे छत्तीसगढ़ की एकमात्र विभूति थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों ने भी डॉ. तीजन बाई के कला क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

उन्होंने कहा कि भारतीय लोकसंगीत और लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में डॉ. तीजन बाई का योगदान हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। उनकी कला, साधना और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने और उसे आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा की ओर से दिवंगत डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Related Posts

मानसून सत्र: छत्तीसगढ़ में ई-वाहनों पर करोड़ों की सब्सिडी बकाया, रायपुर-बिलासपुर समेत इन शहरों में चलेंगी 240 ई-बसें

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है।…

आत्मानंद स्कूल में दहशत: अचानक अजीब व्यवहार कर बेहोश हो रहीं छात्राएं, अब तक 11 शिकार; डॉक्टर हैरान

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद हैरान और डरा देने वाला मामला सामने आया…

1 of 419