Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

‘हमें देखकर क्यों हंसी?’… इस बात पर युवती की बेरहमी से पिटाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़।

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ सरेराह बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए महज कुछ ही घंटों में मुख्य महिला आरोपी को दबोच लिया। वहीं, इस वारदात में शामिल दो अन्य नाबालिग लड़कियों (बाल अपचारियों) के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

‘हमें देखकर क्यों हंसी?’ – महज इस बात पर सरेराह रोककर पीटा

थाना कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में काम करती है। 30 जून की शाम लगभग 4 बजे वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से थोक बाजार से लौट रही थी।

विवाद की वजह:

मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियों ने अपनी बाइक पीड़िता की गाड़ी के आगे अड़ाकर रास्ता रोक लिया। आरोपी युवतियां उस वक्त सेल्फी ले रही थीं। तभी वहां से गुजर रही पीड़िता और उसकी सहेली सामान्य रूप से हंसते हुए निकलीं। आरोपियों को लगा कि वे उन्हें देखकर हंस रही हैं। बस इसी गलतफहमी में उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

फोन करके रिश्तेदारों को भी बुलाया

जब पीड़िता ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो दोनों युवतियों ने फोन करके अपने रिश्तेदारों को मौके पर बुला लिया, जिसमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़िता को लात-घूंसों और मुक्कों से बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर पीड़िता की सहेली और राहगीरों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।

सोशल मीडिया का वीडियो बना सबसे बड़ा सबूत

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले का खुद संज्ञान लिया। नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल और उनकी टीम ने वायरल वीडियो का सूक्ष्म परीक्षण किया, जिससे वारदात स्थल (मेरीन ड्राइव) और मुख्य आरोपी महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में हुई। पुलिस ने आज तड़के आरोपी महिला के घर दबिश देकर उसे धर दबोचा। पूछताछ में महिला ने दो अन्य लड़कियों के शामिल होने की बात कबूली, जो जांच में नाबालिग पाई गईं।

BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज

पीड़िता की लिखित शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 375/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा:

  • 296 (अश्लील कृत्य/गाली-गलौज)
  • 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना)
  • 126(2) (गलत तरीके से रोकना)
  • 351(3) (जान से मारने की धमकी)
  • 3(5) (समान इरादा) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला नगमा खान उर्फ नूरी (उम्र 38 वर्ष, निवासी चांदनी चौक, फौजदारपारा, रायगढ़) को गिरफ्तार कर न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

“गुंडागर्दी करने वालों की रायगढ़ में कोई जगह नहीं” – SSP

मामले पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा:

“रायगढ़ जिले में कानून हाथ में लेने, सरेआम गुंडागर्दी करने अथवा किसी भी नागरिक के साथ मारपीट करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे अपराधों पर पुलिस तुरंत एक्शन लेगी। आम जनता से अपील है कि वे कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”

Related Posts

मानसून सत्र: छत्तीसगढ़ में ई-वाहनों पर करोड़ों की सब्सिडी बकाया, रायपुर-बिलासपुर समेत इन शहरों में चलेंगी 240 ई-बसें

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है।…

आत्मानंद स्कूल में दहशत: अचानक अजीब व्यवहार कर बेहोश हो रहीं छात्राएं, अब तक 11 शिकार; डॉक्टर हैरान

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद हैरान और डरा देने वाला मामला सामने आया…

1 of 419