रायपुर। राजधानी रायपुर के लालपुर ओवरब्रिज के नीचे रविवार दोपहर उस समय चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार पर कुछ बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले चलती कार पर पथराव कर उसका कांच तोड़ा और फिर पास की झोपड़ी से निकले दर्जनभर लोगों ने सरिया, डंडे, कुल्हाड़ी, ईंट और पत्थरों से धावा बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में कारोबारी परिवार के सदस्य किसी तरह बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
नाश्ता करने जा रहे थे कारोबारी, अचानक हुआ पथराव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोलबाजार निवासी कारोबारी पंकज मेघानी ने इस खौफनाक वारदात की शिकायत राजेंद्र नगर थाने में दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने भाई नीरज मेघानी, दोस्त तनीष मेघानी और गुरुलाल पंजवानी के साथ कार से नाश्ता करने के लिए निकले थे।
जैसे ही उनकी कार लालपुर ओवरब्रिज के नीचे पहुंची, वहां सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी से एक युवक बाहर निकला और उसने अचानक कार को निशाना बनाते हुए एक बड़ा पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे कार के शीशे पर लगा, जिससे कांच चकनाचूर हो गया।
झोपड़ी से हथियारों के साथ निकले हमलावर
जैसे ही पथराव के कारण कार रुकी, झोपड़ी के भीतर घात लगाकर बैठे कई लोग हाथों में लोहे के सरिए, डंडे, कुल्हाड़ी, ईंट और पत्थर लेकर बाहर निकल आए। आरोपियों ने बिना किसी बातचीत या विवाद के सीधे कारोबारी परिवार पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने पीड़ितों के साथ जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट की, साथ ही कार पर भी ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस अचानक और हिंसक हमले से घबराए कार सवारों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
मारपीट के दौरान सोने की चेन भी गायब
पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि हमलावरों द्वारा की गई मारपीट, झूमाझटकी और जान बचाकर भागने की जद्दोजहद के दौरान उनके गले से सोने की चेन भी कहीं गिर गई या फिर हमलावरों द्वारा गायब कर दी गई।
पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और पीड़ितों के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इलाके के हुलिए और संदिग्धों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के व्यापारियों में आक्रोश है।









