जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। कांसाबेल थाना क्षेत्र के घोघर गांव में तेज हवा के चलते एक कच्चा मकान ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को तत्काल कांसाबेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तेज आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में कई पेड़ भी उखड़कर गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और कई इलाकों में आवागमन बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि प्रशासन प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।










