छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की खबर है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो होनहार हॉकी खिलाड़ी गीता यादव और मधु सिदार का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
भारतीय टीम में चयन के बाद उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के जरिए दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई।
जशपुर की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और फिलहाल बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं।
वहीं, कबीरधाम की गीता यादव पहले भी भारतीय जूनियर टीम के साथ नीदरलैंड, बेल्जियम, अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के अंतरराष्ट्रीय दौरों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अब वह जूनियर एशिया कप में एक बार फिर भारत के लिए मैदान में उतरेंगी।
दोनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार और प्रशिक्षकों के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। इससे राज्य की युवा खेल प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।










