जगदलपुर। बस्तर के दरभा ब्लॉक से धर्म परिवर्तन और घर वापसी से जुड़ा मामला सामने आया है। बोदेनार पंचायत के ग्राम नीलेगोंदी में 12 ग्रामीणों ने ईसाई धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की। ग्रामीणों ने गांव के माटी पुजारी, पेरमा, कोटवार और पटेल की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की।
कुछ वर्ष पहले अपनाया था ईसाई धर्म
मिली जानकारी के अनुसार, नीलेगोंदी गांव के इन ग्रामीणों ने कुछ वर्ष पहले ईसाई धर्म अपनाया था। अब उन्होंने अपनी स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ने का निर्णय लेते हुए सनातन धर्म में लौटने की बात कही है।
इस दौरान गांव में पारंपरिक तरीके से धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। ग्रामीणों ने पूजा-पाठ कर अपनी परंपराओं के अनुसार कार्यक्रम संपन्न किया।
गांव में दिखा उत्साह का माहौल
घर वापसी के बाद गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई दी और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने की बात कही।
बताया जा रहा है कि बस्तर क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के बाद कुछ ग्रामीणों के पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं की ओर लौटने के मामले सामने आते रहे हैं। नीलेगोंदी में 12 ग्रामीणों का सनातन धर्म अपनाना भी इसी क्रम का एक मामला बताया जा रहा है।
फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है।










