Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर विवाद, बारिश में उखड़ा रंग और दिखी दरारें, जांच के आदेश

सरगुजा जिले के सीतापुर में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर पंचायत द्वारा स्थापित की गई प्रतिमा पर बारिश के बाद दरारें आने और बाहरी परत उखड़ने के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।

सीतापुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-10 स्थित अटल परिसर में करीब छह महीने पहले स्थापित की गई अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अब सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश के बाद प्रतिमा की बाहरी परत खराब होने लगी है और कई जगहों पर दरारें दिखाई दे रही हैं।

लोगों का दावा है कि प्रतिमा को तांबे की बताकर लगाया गया, लेकिन अब रंग उखड़ने के बाद अंदर सीमेंट जैसी सामग्री नजर आ रही है। इसके बाद प्रतिमा निर्माण में अनियमितता और गुणवत्ता से समझौते के आरोप लगाए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर में अटल परिसर निर्माण के लिए करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जबकि प्रतिमा स्थापना के लिए लगभग 13 लाख रुपये का प्रावधान था। वहीं, ठेकेदार ने करीब 6.99 लाख रुपये में प्रतिमा निर्माण का कार्य लिया था।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर स्थापना के समय भी सवाल उठाए गए थे, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। अब बारिश के बाद स्थिति सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक रामकुमार टोप्पो ने नाराजगी जताते हुए नगर पंचायत अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।

वहीं, नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर पहले से ही संशय था, जिसके चलते ठेकेदार का भुगतान रोक दिया गया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Related Posts

रायपुर में बड़ी वारदात टली! कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम, CJP आंदोलन में शामिल 3 बदमाश गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात को होने से पहले ही नाकाम…

रायपुर को जाम से मिलेगी राहत! पचपेड़ी नाका पर बनेगा डबल फ्लाईओवर, भनपुरी और बिरगांव चौक भी होंगे हाईटेक

राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की…

1 of 447