Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर को जाम से मिलेगी राहत! पचपेड़ी नाका पर बनेगा डबल फ्लाईओवर, भनपुरी और बिरगांव चौक भी होंगे हाईटेक

राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों पर अब ट्रैफिक व्यवस्था बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी ने पचपेड़ी नाका, भनपुरी और बिरगांव चौक पर नए फ्लाईओवर बनाने की योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। अगर यह परियोजना पूरी होती है, तो हजारों वाहन चालकों का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा।

रायपुर के पचपेड़ी नाका को शहर का सबसे व्यस्त ट्रैफिक जंक्शन माना जाता है, जहां हर दिन हजारों वाहन जाम में फंसते हैं। इसी समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए पीडब्ल्यूडी ने मौजूदा ओवरब्रिज के ठीक ऊपर एक और फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की है।

प्रस्ताव के मुताबिक नया फ्लाईओवर करीब 1.3 किलोमीटर लंबा और लगभग 13.5 मीटर चौड़ा होगा। यह फ्लाईओवर पुजारी पार्क से शुरू होकर कलर्स मॉल तक बनाया जाएगा। खास बात यह है कि यह मौजूदा ओवरब्रिज के ऊपर से गुजरेगा और दोनों संरचनाओं के बीच करीब 20 फीट की ऊंचाई रखी जाएगी, ताकि नीचे से बस, ट्रक और अन्य भारी वाहन आसानी से गुजर सकें, जबकि ऊपर से तेज रफ्तार ट्रैफिक बिना किसी रुकावट के निकल सके।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद कालीबाड़ी की ओर से आने वाले वाहन सीधे नए फ्लाईओवर पर चढ़ेंगे, जबकि जगदलपुर की तरफ से आने वाले वाहन बिना सिग्नल और बिना जाम के पुजारी पार्क की ओर उतर सकेंगे। इससे देवपुरी, बोरियाकला, अभनपुर, धमतरी और जगदलपुर मार्ग पर आने-जाने वाले हजारों लोगों का समय बचेगा और ईंधन की भी बचत होगी।

यहीं नहीं, बिलासपुर रोड के भनपुरी और बिरगांव चौक को भी इस बड़े ट्रैफिक सुधार प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। इन दोनों चौराहों पर रोजाना लगने वाले लंबे जाम को देखते हुए विभाग ने यहां भी नए फ्लाईओवर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

फिलहाल पीडब्ल्यूडी की टीम ड्राइंग, डिजाइन, सर्वे, सॉइल टेस्टिंग और फाउंडेशन टेस्ट का काम तेजी से कर रही है। तकनीकी रिपोर्ट तैयार होने के बाद परियोजना की अनुमानित लागत तय की जाएगी और फिर अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।

यदि यह महत्वाकांक्षी परियोजना समय पर पूरी होती है, तो रायपुर के सबसे व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक जाम काफी हद तक खत्म हो सकता है और राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Related Posts

रायपुर में बड़ी वारदात टली! कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम, CJP आंदोलन में शामिल 3 बदमाश गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात को होने से पहले ही नाकाम…

1 of 447